माइक्रो फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी को लूटने वाला एक आरोपी वाहन चेकिंग के दौरान गिरफ्तार हुआ है। उसके पास पिस्टल मिलने पर पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो उनसे वारदात कबूली। साथ ही बड़ौद थाना क्षेत्र में भी लूट को अंजाम देने की जानकारी भी दी। 2 नवंबर की शाम को तनोड़िया-हड़ाई मार्ग पर तनोड़िया के पास एलएनटी माइक्रो फाइनेंस कंपनी के फील्ड आॅफिसर हनीफ खान से 3 लाख 26 हजार 300 रुपए लूटे गए थे। खान गांव ढोटी, मलवासा, लिंगोड़ा व हड़ाई से स्वयं सहायता समूह से इकट्ठी करके बाइक से तनोड़िया आ रहा थे। उनके साथ दो व्यक्तियों ने पीछे से लाठी से मारपीट कर रुपए से भरा बैग लूट लिया था। पुलिस ने लूट के एक आरोपी को मंगलवार शाम को गिरफ्तार कर लिया। जबकि उसके दो साथी फरार है। लूट के इस आरोपी विजेेंद्र पिता भंवर सिंह राजपूत 20 वर्ष निवासी गांव झलारा थाना माकड़ौन ने दो साथियों के साथ तनोड़िया के पास तथा बड़ौद थाना क्षेत्र में लूट करना स्वीकार किया है।
एसपी सोहाने ने लूट के आरोपी को मीडिया के सामने लाकर जानकारी दी।
10 हजार का इनाम किया था घोषित
तनोड़िया के पास हुई लूट के अगले दिन बड़ौद थाना क्षेत्र के मदकोटा के पास 2 लाख 50 हजार रुपए की लूट हुई थी। दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। तनोड़िया के पास हुई लूट की वारदात के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। इस बीच मुखबिरों से कुछ संदेहियों के नाम पुलिस के सामने आए। इसमें भूरा का भी नाम था। पुलिस ने जब साइबर सेल की मदद से इसकी लोकेशन ट्रेस करना चाही तो मोबाइल बंद मिला लेकिन पुलिस लगातार प्रयास करती रही। मंगलवार शाम को पुलिस को मुखबिर से फिर सूचना प्राप्त हुई थी। सात मोरी के पास एसआई पीएन शर्मा ने पुलिसकर्मियों को साथ लेकर चेकिंग अभियान चलाया था। चेकिंग के दौरान पुलिस ने भूरा को रोका तो उसके कब्जे से पिस्टल देशी कट्टा मिला। पुलिस ने उसे आर्म्स एक्ट 25/27 में गिरफ्तार कर सख्ती से पूछताछ की तो भूरा ने तनोड़िया व बड़ौद के पास की गई लूट की वारदात को कबूल लिया। आरोपी से पुलिस ने एक बाइक भी जब्त की है।
दो नहीं तीन थे आरोपी
लूट की वारदात के बाद घबराएं फाइनेंस कंपनी के फील्ड आॅफिसर ने पुलिस को बताया था कि लूट दो लोगों ने की है। जबकि आरोपी भूरा ने पूछताछ में बताया कि वारदात में उसके दो और साथी शामिल थे। पुलिस ने भूरा से उसके हिस्से में आए रुपयों में से 67 हजार रुपए भी जब्त कर लिए है। भूरा ने बाकी राशि दो अन्य साथियों के साथ होने की बात कही है। पत्रकारों को जानकारी देते हुए एसपी सविता सोहाने ने बताया कि दो दिन में लूट की दो वारदात करने वाले भूरा के अन्य दो साथियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस अवसर पर एएसपी प्रदीप पटेल भी मौजूद थे।
लूट की एक साथ दो वारदात को ट्रेस करने में टीआई अजीत तिवारी, एसआई पीएन शर्मा तनोड़िया, पीएसआई निशा मवाई, एएसआई बाल सिंह ठकराल, प्रधान आरक्षक सतीश नाथ आदि की भूमिका रही।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2OVoWrQ

No comments:
Post a Comment